गोपीगंज। भाजपा नेत्री एवं अभोली की ब्लाॅक प्रमुख प्रियंका बिंद के साथ अभद्रता का मामला प्रकाश में आया है। प्रमुख की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सक डॉ. आरके बिंद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उक्त घटना को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।
ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद ने तहरीर में बताया कि वह आठ सितंबर को वह सांसद डाॅ. विनोद बिंद से मिलने उनके गोपीगंज स्थित कार्यालय पर अपने भाई राकेश कुमार के साथ गईं थीं। वहां पर सांसद लोगों की समस्या सुन रहे थे।
इसी दौरान वहां पहले से बैठे डॉ. आरके बिंद ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज की। बीच बचाव करने के लिए उनके भाई राकेश बीच में आए, तो डाॅ. ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर डॉ. आरके बिंद ने कहा मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। गलत आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।