ज्ञानपुर। सूबे के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में मरीज डॉ. कुसुम की मौत मामले में एक चिकित्सक, जिला क्षय रोग अधिकारी को उच्चाधिकारियों से अभ्रद्रता में तीन-तीन वेतन वृद्धि को रोक दिया। देर शाम एक्स पर कार्रवाई को साझा किया। डिप्टी सीएम की कार्रवाइ से अन्य लापरवाह चिकित्सक सकते में आ गए हैं।
पहला मामला महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर में तैनात डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला का है। उन पर आरोप लगा कि उनकी लापरवाही से भर्ती मरीज डॉ. कुसुम की मृत्यु हो गई थी। प्रकरण की जांच हुई और डॉ. शुक्ला की ओर से अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने तथा ससमय हायर सेंटर रेफर न करने का तथ्य सामने आने पर तीन वेतन वृद्धियां स्थायी रूप से रोकते हुए परिनिंदा का दंड दिया गया है।
वहीं, जिला क्षय रोग अधिकारी, भदोही डॉ. विवेक प्रकाश श्रीवास्तव एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी, सीएचसी डीघ, भदोही के पद पर रहते हुए उच्चादेशों की अवहेलना की गई। अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने संबंधी वीडियो वायरल हुआ। जिसकी जांच कराने पर मामला सही मिला। डिप्टी सीएम ने चिकित्सक और जिला क्षय रोग अधिकारी का तीन-तीन वेतन वृद्धि रोक दिया। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने कहा कि उप मुख्यमंत्री की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से ही संज्ञान में आया है।