ज्ञानपुर। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा के दौरान उन्होंने चोरी व छिनैती की घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त की।
कहा इस पर लगाम लगाने व सभी सीओ व थाना प्रभारियों को क्षेत्र में गश्त व नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में कार्रवाई की जाए।
एडीजी जोन ने कहा कि मामलों के खुलासे में आधुनिक तकनीकी का उपयोग करें। वहीं, गैंगस्टर के मामले में जब्तीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने आइजीआरएस व जनसुनवाई का समयबद्ध निस्तारण करने और टॉप टेन सूची में शामिल अभियुक्तों की निगरानी रखने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि कानून व्यवस्था के अनुपालन में किसी भी स्तर की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
इसके पहले जिले में पहुंचे एडीजी जोन ने पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। इसके बाद पुलिस आरक्षी भर्ती 2023 के रिक्रूट आरक्षियों के ट्रेनिंग सेंटर, रिक्रूटों के लिए निर्धारित बैरक, भोजनालय, स्कूल, स्नानागार, शौचालयों व आरओ वाटर कक्ष, पुलिस लाइन ज्ञानपुर में नवीनीकृत एटीएच थाना, यातायात कार्यालय व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेल एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नवीनीकृत शाखाओं का निरीक्षण किया। संवाद