आपूर्ति विभाग को दूसरे चरण में 15 हजार कैरी बैग शनिवार को प्राप्त हो गया। पांच अगस्त से जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनांतर्गत अन्न महोत्सव का आगाज कराया जाएगा। महोत्सव को सफल बनाने के लिए विभाग तैयारियों में पूरी ताकत लगा रहा है। जुलाई में तीन लाख पात्र गृहस्थी, 38266 अंत्योदय कार्डधारकों में 21 जुलाई से नि:शुल्क वितरण शुरु कराकर 31 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। तीन दिन विलंब से कैरी बैग विभाग को प्रथम चरण में मात्र 10 हजार प्राप्त हो सका था।
जिलापूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि अन्न महोत्सव को संपन्न कराने के लिए प्रमुख सचिव वीना कुमारी का निर्देश प्राप्त हो चुका है। छह ब्लाक अंतर्गत संचालित लगभग 744 कोटे की दुकानों को चिन्हित कराया जा रहा है। महोत्सव के लिए चयनित होने वाले दुकानों को आधुनिक साज-सज्जा देकर नामित अतिथियों से कैरी बैग में योजना का लाभ लाभार्थी कार्डधारक पाएंगे। शासन स्तर से चयनित होने वाले 10 दुकानों के दुकानदार और कार्डधारकों को मौका मिलने पर सीधा संवाद प्रधानमंत्री से संभव होगा। महोत्सव में वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के गाइड लाइन का पालन कराने, सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है।