सीतामढ़ी पीपा पुल पर चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू। संवाद
सीतामढ़ी। जनपद के दो पीपा पुलों पर सोमवार से आवागमन शुरू हो गया। सीतामढ़ी के मिश्रपुर पीपा पुल पर 3 टन भार के वाहन आ-जा सकेंगे। वहीं, रामपुर घाट पर पीपा पुल पैदल और बाइक चालकों के लिए खोल दिया गया। इससे जिले के 60 हजार लोगों का लाभ मिला है।
जिले में पांच पीपा पुल बनाए जाने हैं। इसमें रामपुर, धनतुलसी और सीतामढ़ी पीपा पुल पहले से बनते आ रहे हैं। वहीं, सेमराध और नेढ़वढियां गंगा घाट पर इस साल से नया पीपा पुल बनाने की अनुमति मिली है। गंगा में आई बाढ़ के कारण कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद से ही संचालित होने वाला पुल इस साल जनवरी में शुरू हो रहा है। लोक निर्माण विभाग मिर्जापुर ने पीपा पुल पर 3 टन भार वाले वाहनों को चलने की अनुमति दी है। इसके पहले पीपा पुल पर 5 मीट्रिक टन वजन तक के वाहनों को चलने की इजाजत थी। पीडब्ल्यूडी के मेठ रामदुलार ने बताया कि गोपीगंज के रामपुर गंगा घाट से मिर्जापुर जिले को जोड़ने वाले पीपा पुल पर एक सप्ताह में पीपा पुल सहित बालू के रेत पर चकरप्लेट लगा दिया जाएगा। उसके बाद चार पहिया को भी आवागमन के लिए सुलभ कर दिया जाएगा। पीपा पुल का संचालन होने से मिर्जापुर की दूरी कम हो जाती है। इससे व्यापारिक गतिविधियों सहित अन्य कार्यों में आसानी होती है।
सेमराध, धनतुलसी व नेढ़वढि़या में बन रहा है पुल
दो घाटों पर तो पुल से आवागमन चालू कर दिया गया, लेकिन अब भी धनतुलसी, नेढ़वढि़या और सेमराध में पीपा पुल निर्माणाधीन है। इन सभी पुलों के संचालन से करीब एक से डेढ़ लाख से अधिक लोगों का मिर्जापुर समेत प्रयागराज और मध्यप्रदेश में आवागमन आसान हो जाता है। इन पुलों पर भी जल्द ही संचालन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
सीतामढ़ी मिश्रपुर पीपा पुल पर तीन टन वजन तक के वाहनों को अनुमति है। सीतामढ़ी-मिश्रपुर गंगा घाटों के बीच नौका संचालन 31 दिसंबर से ही बंद करवा दिया गया है। पीपापुल पर चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है।
- श्रवण कुमार, जेई, सीतामढ़ी पीपा पुल।