आधार कार्ड बनाने के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ मुख्यालय पर प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले में आधार कार्ड बनाने के लिए केंद्रों की संख्या कम होने से अवैध वसूली और भीड़ बढ़ने से सोशल डिस्टेंसिंग का मानक टूटने को लेकर मंगलवार को छात्र नेताओं ने लामबंदी की। जिला मुख्यालय पहुंचे छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।
केएनपीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष किशन शुक्ला की अगुवाई में मुख्यालय पहुंचे छात्रों ने कहा कि दो-चार डाकघर और बैंकों को नामित कर आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। जहां नगर, गांवों के लोग और छात्र-छात्राएं आधार कार्ड बनवाने, त्रुटियों को सुधरवाने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगाए घंटों खड़े रहते हैं। लेकिन, काउंटर पर मौजूद लोग निर्धारित दरों से अधिक शुल्क की मांग करते हैं। यही नहीं बिचौलियों की मिलीभगत से भी काम कराया जा रहा है। भीड़ में कोरोना महामारी की गाइड लाइन का पालन भी नहीं होता। कहा कि अवैध वसूली को रोक कर आधार बनाने के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए। प्रदर्शन करने वालों में नितेश दुबे, आकाश तिवारी, शिवमणि तिवारी, श्रेयश पांडेय, अवनीश तिवारी, देवेश उपाध्याय, दयानंद चौबे, राहुल उपाध्याय आदि रहे।