ज्ञानपुर। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट किसी वजह से नहीं दे पाते हैं तो आपको बाद में टेस्ट देने का मौका मिलेगा। शुरूआत में टेस्ट न देने पर स्लॉट स्वत: निरस्त हो जाएगा। इसके बाद आवेदक को ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए फिर से स्लॉट बुक करना पड़ेगा। इसके लिए शुल्क नहीं देना होगा।
सरपतहां स्थित उप संभागीय परिवहन कार्यालय में दुपहिया, चार पहिया और भारी वाहनों से जुड़े कागजात का नवीनीकरण, लाइसेंस समेत अन्य कागजात बनाए जाते हैं। नए लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए चिह्नित केंद्र पर आवेदकों को टेस्ट देना पड़ता है। इसके लिए तिथि का निर्धारण होता है। परिवहन विभाग की ऑनलाइन साइट नहीं चलने, इंटरनेट की गति धीमी होने की समस्या आने पर आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पाते हैं। यहां तक कि साइट नहीं चलने से स्लाॅट बुकिंग के दिन आवेदकों का टेस्ट नहीं हो पाता है। इन आवेदकों को टेस्ट देने के लिए परिवहन विभाग की ओर से दूसरा मौका दिया जा रहा है। आवेदक ड्राइविंग टेस्ट पास या फेल हैं, इसकी सूचना एसएमएस और ई-मेल के जरिए उसे दे दी जाएगी। अगर आवेदक टेस्ट नहीं दे सका तो उसे दुबारा शुल्क नहीं देना होगा। पुराने शुल्क पर ही स्लाॅट बुक कराकर वह टेस्ट दे सकेगा। परिवहन विभाग के आंकड़ों पर गाैर करें तो प्रतिदिन औसतन 30 स्लाट बुक होता है, लेकिन 12 से लेकर 15 लाइसेंस ही बन पाते हैं।
ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों को परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। यहां ड्राइविंग लाइसेंस अप्लाई ऑनलाइन पर क्लिक करें। यहां अपना नाम, एड्रेस, उम्र और अन्य डिटेल भरिए। अपने डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें। अपॉइंटमेंट का दिन और टाइम सेट कर ड्राइविंग लाइसेंस की फीस ऑनलाइन जमा करें। अपॉइंटमेंट के दिन आपको गाड़ी लेकर ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट जाना होगा। वहां गाड़ी चलाकर अधिकारी को दिखाना होगा।
ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदक किसी कारण ड्राइविंग टेस्ट नहीं दे पाते हैं, तो वे दूसरे दिन का स्लाॅट बुक कर सकते हैं। इसका कोई शुल्क नहीं लगेगा। - राम सिंह यादव, एआरटीओ भदोही।