गोपीगंज कोतवाली के चकनिरंजन गांव निवासी रामनाथ तिवारी (50), कविता तिवारी (48), अंकित तिवारी (24) पति-पत्नी और पुत्र की रविवार को मुंबई सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि हादसे में रामनाथ की दो पुत्रियां गंभीर रूप से घायल हुई है। जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, मौत की सूचना मिलने पर गांव में परिवार को ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा रहा।
चकनिरंजन गांव निवासी राजनरायण तिवारी के पुत्र रामनाथ तिवारी अपने तीन भाइयों सिद्धनाथ, शिवनाथ और सुनील तिवारी के साथ मुंबई में रहकर मालाफूल बेचने का कार्य करते हैं। रविवार को प्रतिदिन की तरह रामनाथ तिवारी पत्नी कविता तिवारी, पुत्र अंकित तिवारी और दो पुत्रियों के साथ कमरे पर जा रहे थे उसी समय सड़क दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई।