संवाद न्यूज एजेंसी मोढ़। भदोही कोतवाली क्षेत्र के मोढ़ बाजार में मंगलवार को दोपहर चार बजे मिठाई की दुकान में गैस सिलिंडर फटने आग लग गई। हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। कारीगर दुकान से बाहर निकलने के कारण बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया।
मोढ़ बाजार के करियांव रोड पर सभाजीत यादव की मिठाई की दुकान है। कारीगर हर रोज की तरह मंगलवार को भी मिठाई बना रहे थे। इसी दौरान गैस सिलिंडर की पाइप लीकेज हो गई। इससे सिलेंडर में आग लग गई। पहले तो कारीगरों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए तो भाग निकले। कुछ देर बाद सिलेंडर फट गया। दुकान में आग फैल गई। इससे सारा सामान जलकर राख हो गया।
सिलिंडर विस्फोट के धमाके से बाजार में अफरातफरी मच गई। मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने बताया कि दुकान में सिलेंडर फटने से दुकान में रखा सामान का नुकसान हुआ है। कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर उक्त घटना को लेकर पूर्ति विभाग और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि समय-समय पर सिलिंडर की जांच की जाती है।