विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता प्रभावी होने के चलते रविवार को लगभग 730 कोटे की दुकानों से नि:शुल्क राशन और खाद्य सामानों का वितरण नहीं हो सका। वितरण न होने के कारण कार्डधारक बिना सामान के वापस होते रहे। इससे कार्डधारकों में नाराजगी भी रही।
खाद्य एवं रसद आयुक्त सौरभ बाबू ने जिला पूर्ति अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के टैग और फोटो वाले पैकेटों में भरे खाद्य सामान नमक, तेल, चना का वितरण नहीं होगा। इसको लेकर स्थिति साफ न होने की दशा में कोटेदार ब्लॉक गोदामों से सामान का उठान करने के बावजूद वितरण नहीं कर सके। विभाग भी अभी तक यह तय नहीं कर पाया है कि 60 फीसदी तक कोटेदारों के यहां पहुंच चुके सामानों का वितरण कैसे कराया जाएगा। उधर, कार्डधारक मनोरमा देवी, कविता देवी, शारदा देवी, महिमा देवी आदि ने कहा कि यदि प्रशासन सरकार के टैग और फोटो लगे पैकेटों में सामान का वितरण नहीं कराना चाहता है तो वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव की घोषणा होने पर बिना टैग और फोटो वाले सामान आ रहे हैं, जिसको वितरित कराने के लिए ब्लाक गोदामों तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व में हो चुके टैग और फोटो वाले सामानों की जिम्मेदारी आपूर्ति विभाग की है।