चौरी। थाना क्षेत्र के कंधिया फाटक के पास चार माह पूर्व रेलवे ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शव के मामले में पुलिस ने सोमवार को कोर्ट के आदेश पर चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
उत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल खंड पर एक मई की सुबह कंधिया फाटक के पास ट्रैक पर 20 वर्षीय युवक और युवती का शव बरामद कर किया था। दोनों शवों का शिनाख्त सुरेरी-जौनपुर के हीरापट्टी निवासी रामआसरे ने मौके पर पहुंच कर इकलौते पुत्र संदीप और गांव की ही युवती काजल के रूप में कर हत्या का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। मामले को ठंडे बस्ते में डालने के लिए कस्बा चौकी इंचार्ज प्रवीण शेखर ने सीओ औराई लेखराज सिंह से मिलीभगत कर आवाज उठाने वालों को डंडे के बल पर शांत कराते हुए घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया जाना आज भी लोगों को खटक रहा है।
घटना के काफी दिनों तक पिता न्याय के लिए कभी थाना तो कभी कस्बा चौकी का चक्कर लगाते-लगाते थक कर कोर्ट की शरण ले ली। कोर्ट में 156(3) के तहत दायर याचिका में मृतक संदीप के परिजनों ने आरोप लगाया है कि संदीप और काजल एक-दूसरे से प्रेम करते थे काजल के परिजनों को रास नहीं आ रहा था। कपसेठी-वाराणसी के लखनसेनपुर निवासी विक्की कुमार के साथ मिलकर साजिश के तहत दोनों की हत्या कर शव चौरी थाना अंतर्गत कस्बा चौकी क्षेत्र के कंधिया फाटक स्थित रेलवे ट्रैक के बीच फेंक दिया। एसएचओ रामदरश ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर विक्की कुमार, सुरेरी के प्यारेलाल, भवन, मान, विमला देवी और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।