वाराणसी की एक गायिका से दुष्कर्म, रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने सहित कई मामलों में आरोपी ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा व उनके करीबियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
वाराणसी की एक गायिका से दुष्कर्म, रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने सहित कई मामलों में आरोपी ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्रा व उनके करीबियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को पुलिस ने विजय मिश्र के 47.79 लाख रुपये कुर्क (जब्त) कर लिया।
विज्ञापन
कुछ दिन पहले विधायक के कुछ करीबियों की संपत्ति कुर्क की गई थी। साथ ही ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे को मारने की साजिश रचने के आरोप में गोपीगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि आपराधिक कृत्यों से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया गया है।
इसमें गैंग लीडर विजय मिश्र की संपत्ति को कुर्क किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि गैंग लीडर विजय मिश्रा निवासी खपटहिहा थाना हंडिया जिला प्रयागराज, हाल पता ग्राम कौलापुर थाना गोपीगंज द्वारा अपने भौतिक, आर्थिक एवं अनुचित दुनियावी लाभ के लिए आपराधिक कृत्यों से जो संपत्ति अर्जित की थी उसे कुर्क किया जा रहा है। विजय मिश्रा ने अपने परिजनों के बैंक खातों में धनराशि जमा की थी। परिजनों के खाते में जमा 47 लाख 79 हजार 589 रुपये कुर्क कर लिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की गई है। विजय मिश्रा इस समय आगरा के सेंट्रल जेल में बंद हैं।
पूर्व विधायक विजय मिश्र गैंग के कई लोगों की संपत्ति एक पखवारे पहले ही कुर्क की गई थी। उसमें विजय मिश्रा के करीबी हनुमान सेवक पांडेय, गिरधारी पाठक, विजय मिश्रा के पुत्र विष्णु, पौत्र विकास आदि के कई वाहन कुर्क किए गए थे।