वाराणसी की गायिका से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्र, उनके भतीजे विकास मिश्र को शनिवार को एमपी एमएलए अपर जिला जज तृतीय ज्ञानेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय में पीडिता के बयान पर जिरह हुई। पूर्व विधायक की जिरह पूरी हो गई है, जबकि भतीजे विकास के मामले में शुरू होगी।
वाराणसी की एक गायिका ने गोपीगंज थाने में 18 अक्टूबर 2020 को सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि विजय मिश्र, उनके बेटे विष्णु मिश्र और भतीजे विकास मिश्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मौजूदा समय में विजय मिश्र इस आरोप में आगरा जेल और विकास ज्ञानपुर जिला कारागार में निरुद्ध है। शनिवार को पूर्व विधायक और उनके भतीजे को कोर्ट में पेश किया गया। जहां एक घंटे से अधिक समय तक जिरह चली। पूर्व विधायक के अधिवक्ता हंसाराम शुक्ला और आनंद शुक्ला ने बताया कि जिरह पूरी हो गई है। विकास मिश्र के मामले में आठ जून तक जिरह पूरी करनी है। उन्होंने बताया कि आठ जून को रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने के मामले में पूर्व विधायक की पेशी होगी। पीड़िता के अधिवक्ता लल्लन यादव, तेज बहादुर यादव और मनोज पांडेय ने बहस व पैरवी की। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक के आने की सूचना पर समर्थक न्यायालय पहुंच गए। हालांकि किसी को भी उनसे मिलने नहीं दिया गया।