फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: शहर की 40 सड़कों से फुटपाथ 'लापता'

विज्ञापन
चौरी के स्टेशन रोड पर अतिक्रमण से लगा जाम। संवाद
विज्ञापन
ज्ञानपुर। सुप्रीम कोर्ट ने पैदल चलने वालों के लिए सड़कों पर फुटपाथ की आवश्यकता को मौलिक अधिकार माना है, लेकिन शहर की सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल है। फुटपाथों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। फुटपाथ पर दुकानें लग रही हैं, जबकि सड़क पर वाहनों की पार्किंग हो रही है। शाम के पांच से छह घंटे के दौरान समस्या और जटिल हो जाती है। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण सड़कों से फुटपाथ लगभग गायब हो गए हैं। जिले में भदोही और गोपीगंज नगर पालिका तथा ज्ञानपुर, घोसियां, खमरिया, नईबाजार और सुरियावां नगर पंचायतों के अलावा जंगीगंज, चौरी, मोढ़ और बाबूसरराय जैसे 10 छोटे बाजार हैं। इन बाजारों में लोगों के आवागमन की सुविधा के लिए सड़क किनारे फुटपाथ बनाए गए हैं, लेकिन वे अतिक्रमण की चपेट में हैं।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने सुरियावां, चौरी, भदोही के स्टेशन रोड, ज्ञानपुर के पुरानी बाजार मार्ग और गोपीगंज के स्टेशन रोड का जायजा लिया। यहां फुटपाथ पर चाय, पोहा और नाश्ते की दुकानें लगी मिलीं, जबकि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग ने बची हुई जगह भी घेर ली थी। नतीजतन, पैदल चलने वालों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि यह सब उन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने हो रहा है, जो सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालते हैं। जो पटरियां सुबह दिखाई देती हैं, वे शाम तक अतिक्रमण की चपेट में आ जाती हैं। सातों निकायों में लिप्पन तिराहा, राजपुरा चौराहा, तहसील रोड, ज्ञानपुर का दुर्गागंज त्रिमुहानी, जिला अस्पताल मोड़, गोपीगंज का स्टेशन रोड और दानुपुर बाजार समेत 40 ऐसे स्थान चिन्हित हैं, जहां प्रतिदिन अतिक्रमण के कारण पटरियां गायब हो जाती हैं।
विज्ञापन


सुरियावां के शेखर आजाद, नेहरू और इंदिरा नगर वार्ड की सड़कें 20 फीट से सिकुड़कर अब सात फीट की गली बन गई हैं। रेलवे फाटकों को जोड़ने वाली ये सड़कें जौनपुर और प्रतापगढ़ जिलों को भी भदोही जिले से जोड़ती हैं। अतिक्रमण के कारण यहां सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

चौरी बाजार का नवनिर्मित स्टेशन रोड है। दोनों ओर अभी नाली और पटरी का कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण सड़क पर ही बाइक खड़ी रहती हैं। शाम चार बजे से रात नौ बजे तक सड़क पर दुकानें लगने से समस्या और बढ़ जाती है। चार पहिया वाहन आने पर जाम लग जाता है।

भदोही नगर का स्टेशन रोड करीब 15 फीट चौड़ा है। शाम चार बजे से यहां दुकानें सजने लगती हैं और फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में आ जाता है। सड़क पर वाहन खड़े होने से सात फीट सड़क भी नहीं बचती। इससे पैदल, साइकिल और बाइक सवार लोगों को प्रतिदिन आवागमन में दिक्कत होती है।
विज्ञापन


अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गठित है। फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द ही कार्रवाई शुरू कराई जाएगी। - शुभांगी शुक्ला, नोडल नगर निकाय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें