होली पर्व को लेकर खाद्य विभाग अलर्ट हो गया है। सहायक आयुक्त खाद्य शशि शेखर के निर्देश पर मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विवेक मालवीय के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने 12 से अधिक दुकानों पर जांच की। तीन नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे।
एफएसओ ओपी सिंह ने बताया कि औराई के उगापुर बाजार के पास स्थित एक दुकान पर जांच की गई। इसमें किसमिस का एक नमूना संग्रहित किया गया। औराई में चार दुकानों पर विभागीय टीम ने दस्तक देकर बिक्री वाले सामानों की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और क्यूआर कोड की जांच की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. मानवेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घोसिया, जखांव एवं जंगीगंज बाजार स्थित कई दुकानों पर जांच की। इस दौरान दो खारी और एक लालीपॉप के नमूने संग्रहित किए।
ओपी सिंह ने बताया कि मिलावटी और दूषित खाद्य-पेय पदार्थ की बिक्री करते जो भी हत्थे चढ़ेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहीं भी मिलावटी खाद्य-पेय पदार्थ होता नजर आए तो लोग विभागीय कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।