देखते ही देखते गोदाम में रखे कालीन से जुड़े सामान जलने लगे। गोदाम हाईवे से सटा होने के कारण लोगों की भीड़ जुट गई। बैंक का सायरन बजने लगा। अग्निशमन केंद्र औराई से आए फायर ब्रिगेड के जवान भी आग बुझाने में सफल नहीं हो पाए। मूंसीलाटपुर स्थित अग्निशमन मुख्यालय से दो बड़े वाहनों के साथ पहुंचे जवानों ने भी काफी देर तक मशक्कत की, इसके बावजूद आग नहीं बुझी तो मिर्जापुर और प्रयागराज से भी फायर ब्रिगेड की टीम बुलायी गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तीन-तीन जिलों की अग्निशमन टीमों को उस पर काबू करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। गोदाम के अंदर की आग को बुझाने के लिए सामने से तो पानी डाला ही गया, पीछे से दीवार तोड़कर पानी डालने की कोशिश की गई। शाम साढ़े सात बजे तक आग नहीं बुझायी जा सकी थी। अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह से बुझने में चार-पांच घंटे और लगेंगे।
कालीन से जुड़े रॉ मैटेरियल की कंपनी में आग लगने की घटना वेल्डिंग मशीन से हुई है। वेल्डिंग करते समय चिंगारी निकली और उसी से आग लग गई। आग बुझायी जा रही है फायर ब्रिगेड की टीम लगी हुई है। वहां आग से बचाव के उपाय थे कि नहीं, इसकी भी जानकारी ली जाएगी। - डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक