भदोही कोतवाली के मोढ़ क्षेत्र के डुडवाधर्मपुरी गांव के पास एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि इसके पहले उसका मंगेतर के साथ विवाद हुआ था और उसने अपनी मंगेतर का हाथ काट दिया था। हाथ काटने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया फिर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।
वाराणसी के राजातालाब के गोराई बाजार निवासी रहमत अली (28) की आगामी पांच अप्रैल को शादी थी। उसकी शादी भदोही के गोपीपुर गांव में एक युवती से तय हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह अपनी मंगेतर से मिलने घर आया था जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद युवक ने अपना और युवती का हाथ काट लिया। खून बहता देख वह घबरा गया और अपनी कार में पत्नी को बैठाकर मोढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से निकल गया। इसके बाद उसने अपनी कार यूपी 65 केटी 8343 को डुडवाधर्मपुरी गांव के पास खड़ी कर लोकमान्य तिलक टमिर्नन से गोरखपुर जा रही काशी विश्वनाथ के सामने कूदकर जान दे दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया कि रहमत शुक्रवार को घर से निकला था और पांच अप्रैल को उसकी शादी थी।