आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मद्देनजर भारत सरकार द्वारा मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के अंतर्गत एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन विभाग उप्र तथा कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) द्वारा संयुक्त रूप से भदोही कारपेट एक्सपो मार्ट में 24 सितंबर को एक्सपोर्टर्स कांक्लेव का आयोजन किया गया है। इस कांक्लेव के बहाने यहां उद्योग विभाग के कई वरिष्ठ अफसरों सहित देश भर के कारपेट एक्सपोर्टर्स का जमावड़ा होगा।
उपायुक्त उद्योग, हरेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस तरह का कार्यक्रम प्रदेश के 12 जिलों में कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य मझोले और लघु उद्यमियों में विश्वास का संचार करने के साथ उन्हें सुविधाएं मुहैया कराने के लिए उनके अनुरूप व्यापारिक वातावरण तैयार करना। बताया कांक्लेव में 25 कालीन निर्यातकों को स्टाल लगाने के अवसर भी दिए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम खास बात यह है कि इसमें महानिदेशक विदेश व्यापार गगनदीप सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह, कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन उमर हमीद के अलावा बतौर मुख्य अतिथि सांसद रमेश बिंद, विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा समेत विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी व दीनानाथ भास्कर भी शामिल होंगे।
देखा जाए तो 200 करोड़ की लागत से बन कर तैयार कारपेट एक्सपो मार्ट का यह पहला आयोजन भी होगा। इसका कालीन निर्यातकों ने स्वागत किया है। आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के अध्यक्ष ओएन मिश्र ने कहा कि वाणिज्य, उद्योग और विदेश व्यापार विभाग के वरिष्ठ अफसरों के साथ मंच साझा करने से कई समस्याओं का समाधान होगा।