पहली से आठवीं कक्षा तक का परीक्षाफल बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से घोषित कर दिया गया। इसमें एक लाख 83 हजार विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। ज्यादातर स्कूलों में अंक पत्र पाकर बच्चों के चेहरे खिल गए। एक अप्रैल से नए शिक्षा सत्र की शुरूआत हो जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने विद्यालयों को पत्र भेजकर नामांकन बढ़ाने और शैक्षिक गुणवत्ता और बेहतर बनाने का निर्देश दिया है।
जिले के 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालयों में आठवीं तक की परीक्षा 26 मार्च को ही खत्म हो चुकी है। एक लाख 83 हजार बच्चों ने लिखित और मौखिक परीक्षा दी थी। बृहस्पतिवार को स्कूलों में परीक्षाफल का वितरण एवं आठवीं उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को विदाई दी गई। पुराने सत्र की समाप्ति और नए सत्र के आगमन की तैयारी भी स्कूलों में की गई। इसको लेकर स्कूलों में हलचल दिखी। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय वहिदा नगर में खंड शिक्षा अधिकारी फराह रईस ने आठवीं कक्षा में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अनीता रानी सिंह, प्रतिभा मिश्रा, अंकिता सिंह, सुमन यादव, विजय सोनकर, राहुल सरोज, महिमा यादव आदि मौजूद रहीं। औराई ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भमौरा में समारोह आयोजित कर अंक पत्र वितरित किया गया। इस मौके पर धर्मेंद्र मिश्रा, सुनीता तिवारी, हरेराम तिवारी, शिवम, अमित आदि मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय गिरधरपुर में पुरातन छात्र-छात्राओं को पौधे देकर विदाई दी गई। इस मौके पर लता वर्मा, रोली श्रीवास्तव, अजय कुमार, अनीता देवी, सीमा देवी, सीता देवी आदि मौजूद रहीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि जिन स्कूलों में अंकपत्र नहीं वितरित किए गए हैं, वह पांच अप्रैल तक बच्चों को अंकपत्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नए सत्र के पहले दिन से ही शिक्षण व्यवस्था बेहतर कराएं। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए अब सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ही विद्यालय खुलेंगे।