ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को देर शाम हुई तेज बारिश और आंधी के चलते खंभों के गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई। 24 घंटे बीतने के बाद भी बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी।
इस दौरान बृहस्पतिवार की रात में और शुक्रवार को पूरे दिन जिले के लगभग तीन सौ गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों को पानी के परेशान रहे। साथ ही बिजली गुल रहने से मोबाइल, इन्वर्टर, इमरजेंसी लाइट भी चार्ज नहीं हो सकी।
उपकेंद्र वहिदानगर से जुड़े गांव दरवांसी, रजमला, गोधना, सुधवैं, कुरमैचा, मैलौना गांव निवासियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को लगभग सात बजे से ठप हुई बिजली दूसरे दिन शुक्रवार को चार बजे तक नहीं आ सकी। सीतामढ़ी उपकेंद्र के सोनपुर-कटरा, धनतुलसी, छेछुआं, इटहरा, कूड़ीकला, कूड़ीखुर्द, भदरांव में बिजली आपूर्ति न होने से लोगों को प्रकाश व्यवस्था, पेयजल के लिए हलाकान होना पड़ा। इसी तरह गिराई उपकेंद्र से गोपीगंज नगर, खानापुर, गहरपुर, जंगीगंज बाजार, कुलमनपुर, जंगलपुर आदि गांवों में भी बिजली पानी की समस्या बनी रही।
इस संबंध में एक्सईएन सदर मनोज कुमार ने बताया कि जखांव, रमईपुर, वहिदानगर, गिराई, पाली में तार और खंभों के टूट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। सुबह से लाइनमैन व्यवस्था को सुधारने में लग गए। बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।