अखिल भारतीय ऊमर वैश्य महासभा केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार को नगर के एक प्रतिष्ठान में हुई। बैठक में समाज के गरीब बच्चियों की शादी, शिक्षा तथा लोगों के व्यापार में सहयोग किए जाने पर विचार विमर्श किया गया। बताया गया कि अगले साल 17 अप्रैल को मुंगरा बादशाहपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बैठक में देश व प्रदेश के विभिन्न जिले से आए पदाधिकारियों को अलग - अलग जिम्मेदारी दी गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल मुनि ऊमर वैश्य ने कहा कि महासभा का गठन समाज के लोगों को हर संभव सहयोग के लिए किया गया है। इस पुनीत कार्य को हम सबको जारी रखना है। समाज में जो लोग बेरोजगार हैं, जो धनाभाव में अपने बच्चों को पढ़ा नहीं पा रहे हैं अथवा अपनी बेटियों का विवाह करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए सब को एकजुट होकर सहयोग में खड़े होने का आह्वान किया। कहा कि हमें ध्यान देना है कि धनाभाव से किसी की पढ़ाई बाधित न हो। किसी की भी बेटी का विवाह न रुके। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए सभी को गंभीरता बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही कहा गया कि कोरोना से प्रभावित सभी सेवा कार्यों को पुन: पटरी पर लाना है। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव श्यामधर ऊमर वैश्य, धीरेंद्र ऊमर वैश्य, रामलाल, श्याम सुंदर, संजय कुमार, राधा रानी, ओमकारनाथ, राकेश उमर वैश्य, जगदीश कुमार, संतोष कुमार आदि ने भी विचार व्यक्त किए।