ज्ञानपुर। शिक्षा विभाग के ढुलमुल रवैये का फायदा उठाते हुए अमान्य स्कूलों ने फिर कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया है। ज्ञानपुर ब्लॉक में तीन स्कूलों के संचालन का मामला संज्ञान में आने के बाद मुकदमा दर्ज कराने की विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। हालांकि डीघ, औराई और सुरियावां ब्लॉक में विभागीय तालमेल से ऐसे स्कूलों का संचालन किया जा रहा है।
12 जनवरी 2019 को जिला मुख्यालय से लगे लखनो गांव में स्कूली वैन हादसे में 19 बच्चों के झुलसने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से 100 से अधिक अमान्य स्कूलों पर कार्रवाई की गई थी। समय गुजरने के साथ शिक्षा विभाग मामले को लेकर शांत हो गया। उसके बाद मौका मिलने पर अमान्य स्कूलों का संचालन फिर शुरू हो गया। डीघ, सुरियावां और औराई के ब्लॉकों के सीमावर्ती क्षेत्रों में टीन शेड में अमान्य स्कूलों का संचालन बेरोकटोक किया जा रहा है। विभागीय सूत्रों की मानें तो खंड शिक्षा अधिकारियों से तालमेल बैठाकर प्रबंधक स्कूलों का संचालन कर रहे हैं।
ज्ञानपुर ब्लॉक में अमान्य स्कूलों के संचालन का मामला सामने आने के बाद बीईओ कृष्णदत्त पांडेय ने अमान्य हिमांशु मिश्र पब्लिक स्कूल गोपीगंज, आरएल पब्लिक स्कूल होलपुर और साधना पब्लिक स्कूल रायपुर पर कार्रवाई के लिए अनुमति मांगी। इस पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से तीनों स्कूलों पर अर्थदंड लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि अमान्य स्कूलों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। औराई, सुरियावां, भदोही, डीघ और अभोली ब्लॉक की ओर से रिपोर्ट दी गई है कि उनके यहां स्कूल नहीं संचालित होते। निरीक्षण में अगर अमान्य स्कूल मिले तो बीईओ भी जिम्मेदार होंगे।