जिलाधिकारी शैलेश कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें मोहरर्म और सावन को आपसी भाईचारा एवं सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया। डीएम ने प्रबुद्ध नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से संवाद कर कोई भी नई परंपरा न शुरु करने के लिए कहा।
डीएम ने सभी निकायों के ईओ को निर्देश दिया कि वह अपने-अपने नगरों में साफ-सफाई, पानी, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करायें। कर्बला, ताजिया वाले स्थानों के रास्ते को अधिशासी अभियंता विद्युत, एसएचओ, अधिशासी अधिकारी को आर्डिनेशन कर भ्रमण कर लें, ताकि कही कोई दिक्कत न होने पाये। कहा कि त्योहारों का आनंद तभी है जब हम सब मिल बैठकर उस का आनंद लें। उन्होंने कहा कि जो लोग ताजिया निकालना चाह रहे हैं या पूर्व से निकालते आ रहे हैं वे सभी लोग ताजिया निकालने के लिए तहसील में आवेदन जमा कर दें। बिना अनुमति के ताजिया/जुलूस किसी भी दशा में नहीं निकाला जायेगा। एसपी ने कहा कि जुलूस के साथ तथा जुलूस निकलने वाले मार्गों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगी। ताजिया निकालने के लिए जो मार्ग निर्धारित हैं उन्हीं का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व जुलूस में शामिल होकर घटना को अंजाम देने का प्रयास कर सकते हैं। जिसके लिए आप स्वयं अपने स्तर से कुछ लोगों को देख-रेख के लिए तैनात कर दें कि कोई भी इस तरह का व्यक्ति जुलूस में शामिल न होने पाए। उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर शिव प्रकाश यादव ने कहा कि पूर्व में निर्धारित परंपरा के अनुसार निर्धारित मार्गों का पुलिस ने निरीक्षण कर लिया है।