ज्ञानपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने 5 अगस्त को जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूप-रेखा बनाकर उन्हें सफल बनाने का निर्देश दिया। इस क्रम में मंगलवार को डीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कोरोना महामारी के मद्देनजर पूरे जिले में पात्र व्यक्तियों को राहत पहुंचानें के लिए नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित लाभार्थियों को 05 किलोग्राम प्रति व्यक्ति खाद्यान्न नि:शुल्क वितरित कराया जा रहा है। बताया कि इस योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुचाने के लिए 5 अगस्त जिले के विभिन्न स्थानों पर मण्डलायुक्त के द्वारा खाद्यान्न वितरण का शुभारंभ किया जायेगा। इस क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी ने पांच अगस्त को जिले में होने वाले अन्न महोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियो को सभी तैयारी पूर्ण करने के निर्देश भी दिये।