मोढ़। सुरियावां थानाक्षेत्र के कस्तूूरीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की शनिवार को मुंबई में कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वह वहां ऑटो चलाकर जीविकोपार्जन करते थे। शनिवार रात को यहां मौत की खबर मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। यहां से लोग मुंबई रवाना हो गए हैं। परिवार के अन्य सदस्यों को वहीं क्वारंटीन किया गया है।
कस्तूरीपुर गांव निवासी अधेड़ पूरे परिवार के साथ मुंबई के मीरा रोड में एक फ्लैट में रहते थे। बोरीवली क्षेत्र में ऑटो रिक्शा चलाकर वह परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। एक सप्ताह पूर्व बुखार, सर्दी और गले में दर्द की शिकायत मिली तो उन्हें चिकित्सकों को दिखाया गया। चिकित्सकों ने निमोनिया बताया। संदेह होने पर जांच कराई तो कोरोना पॉजिटिव निकले। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान शनिवार की रात में उनकी मौत हो गई।
इसके बाद घर के लगभग 12 सदस्यों का स्वैब जांच के लिए भेजने के बाद उन्हें होम क्वारंटीन करवा दिया गया। कस्तूरीपुर में उनके बड़े भाई रविचंद उपाध्याय ने बताया कि गत तीन महीने से वह ठीक ठाक थे। एक सप्ताह में ही सबकुछ हो गया। घटना से परिवार वाले दुखी हैं।