ज्ञानपुर। जिले में बिना एलाइजा टेस्ट डेंगू की पुष्टि करने वाले पैथोलॉजी संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. एसके चक ने जिले के 47 पैथोलॉजी संचालकों को पत्र जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना एलाइजा टेस्ट किसी भी हाल में डेंगू की पुष्टि न करें। अगर किसी में डेंगू के लक्षण मिलते हैं तो उसकी सूचना विभाग को दें। एलाइजा टेस्ट के बाद ही इसकी पुष्टि की जाए।
जिले में बीते वर्ष डेंगू के 40 मरीज मिले थे। इस साल जहां-जहां डेंगू मरीज मिले हैं, स्वास्थ्य विभाग ने उतने हाट स्पॉट सेंटर बनाए हैं। विभागीय स्तर पर डेंगू से बचाव के लिए पहले से ही तैयारियां की जा रही हैं। समय-समय पर अभियान चलाकर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस साल अप्रैल से अब तक डेंगू के चार मरीज मिले हैं। इनमें से तीन मरीज जिले के बाहर निवास करते हैं। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि सभी 47 पैथोलॉजी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि डेंगू के लक्षण मिलने पर उसकी जानकारी दी जाए। एलाइजा टेस्ट के बाद ही डेंगू की पुष्टि होती है।