अपर जिला जज पीएन श्रीवास्तव और जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिला जज के निर्माणाधीन आवास व अन्य निर्माण कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। निर्माण में कमी मिलने तथा बैठक में मौजूद नहीं रहने पर कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर 10 दिन में काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जनपद न्यायालय भदोही ज्ञानपुर में 18 कोर्ट रूम के निर्माण, न्यायिक अधिकारियों के 18 आवास, वीडियों कांफ्रेंसिंग कक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर में संयुक्त कार्यालय के आधुनिकीकरण, एडीआर सेंटर के निर्माण में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान न्यायालय के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष के निर्माण में कमियां मिलने और बैठक में मौजूद नहीं रहने पर कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता एसके वाजपेयी को नोटिस जारी किया गया। साथ ही 10 दिन में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने आगाह किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अर्थ संख्याधिकारी संतोष कुमार ने निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं के विभिन्न बिंदुओं तथा व्यय और वास्तविक स्थिति पर प्रकाश डाला।