भदोही कोतवाली अंतर्गत फत्तूपुर में डीह बाबा मंदिर के पास स्थित पुराने कुएं में रविवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने पर मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाल गगनराज सिंह व सीओ अजय कुमार चौहान भी पहुंच गए और छानबीन की। कुआं गहरा और काफी पुराना हो जाने के चलते शव निकालने के लिए दमकल विभाग के कर्मियों को बुलाना पड़ा।
सुबह किसी ने कुएं में शव देखा। इसकी जानकारी मिलने पर लोगों की वहां भीड़ जुट गई। पुलिस के सहयोग से लगभग दो घंटे के प्रयास से दमकल विभाग कर्मियों ने शव कुएं से बाहर निकाला। उसकी शिनाख्त गांव के वनवासी बस्ती के विजय कुमार (33) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे सीओ और कोतवाल द्वारा जांच किए जाने के दौरान परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही इस मामले की छानबीन भी की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।