ज्ञानपुर। सचिव और पंचायत सहायकों की लापरवाही से जिले की 200 ग्राम पंचायतों में कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) शुरू नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों को जरूरी प्रमाणपत्रों के लिए बाजार से लेकर तहसील और ब्लॉक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जिन ग्राम पंचायतों में सेवा शुरू हुई वहां भी अक्सर ताला लटका रहता है।
जिले के छह विकास खंडों में 546 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर सुविधाएं मिले इसलिए 12 से 15 लाख से हर गांव में पंचायत भवन बनाए गए हैं। उन पंचायत भवनों को चलाने के लिए पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई है। ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने के लिए पंचायत भवन में ही कामन सर्विस सेंटर शुरू करने की कवायद शुरू की गई।
करीब दो साल में 325 ग्राम पंचायतों को सीएससी की सुविधा से जोड़ दिया गया, लेकिन अब भी 200 गांव में यह सेवा नहीं शुरू हो सकी है। जिन 325 गांव में कामन सर्विस सेंटर की सेवा शुरू की गई है उनमें भी कई गांव में अक्सर ताला बंद रहता है। वहीं दूसरी ओर 20 से 25 ग्राम पंचायतों में विवाद के कारण पंचायत भवन का निर्माण नहीं हो सका है।