राजमार्ग स्थित एक निजी नर्सिग होम में आपरेशन के दौरान मंगलवार को महिला की मौत से भड़के परिजनों ने बीती रात अस्पताल पर जमकर हंगामा और तोड़ फोड़ किया। चिकित्सक की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली। इस संबंध में चिकित्सक की ओर से परिजनो के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि औराई क्षेत्र के घमहा निवासी फूलवंती देवी (65) के कूल्हे की हड्डी चटक गई थी। जिसके बाद उसे राजमार्ग स्थित उक्त नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि चिकित्सक की सलाह पर परिजन मरीज का आपरेशन कराने को तैयार हुए। मंगलवार को आपरेशन के बाद महिला ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद उसके परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल पहुंच कर चिकित्सक से कहा सुनी की। मारपीट तक की नौबत आ गई। नाराज होकर परिजनों ने काफी देर तक अस्पताल में हंगामा कर अस्पताल के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।
बुधवार को सायं चिकित्सक ने थाने मे तहरीर देकर तोड़ फोड़ करने व लैपटाप उठा ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि इस आशय की तहरीर मिली है जिसकी छानबीन की जा रही है।