लालानगर। गोपीगंज नगरपालिका के चेयरमैन प्रह्लाद दास गुप्ता के खड़हट्टी मोहाल स्थित आवास पर देर रात नशे की हालत में गाली-गलौज करना एक युवक को भारी पड़ गया। अभद्रता करने पर पास-पड़ोस के लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरोप है कि नगर के कोहरान गली निवासी गुड्डू उर्फ मोहम्मद इस्माइल पुत्र मोहम्मद इसहाक नशे में धुत होकर चेयरमैन और नलकूप चालक कन्हैया तिवारी को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। यह देख आसपास के पहुंचे लोग परेशान हो गए। इसके बाद उसे पकड़कर पीट दिया और पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए युवक की मेडिकल रिपोर्ट में शराब का होना पाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के वक्त खड़हट्टी नलकूप पर ड्यूटी कर रहे पालिका के नलकूप चालक कन्हैया तिवारी ने बताया कि नलकूप में किसी खराबी की सूचना देने मैं चैयरमैन के आवास पहुंचा था। उसी समय नशे में धुत युवक गाली गलौज दे रहा था और मना करने पर मेरा भी कॉलर पकड़ लिया और मेरे ऊपर हाथ छोड़ दिया। साथ ही पत्थर भी चलाया। यूपी-100 पुलिस को फोन कर युवक को सुपुर्द कर दिया गया। नलकूप चालक ने भी युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने युवक का मेडिकल मुआयना करवाकर मामले की छानबीन करने में जुटी है।