ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव में बुधवार को शाम पांच बजे निर्माणाधीन दीवार से गिरकर रायपुर निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। घटना से आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ज्ञानपुर के रायपुर चक हनुमान निवासी राम अछैवर (45) मजदूरी कर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। इस समय वह सिंहपुर गांव में लेबर का काम कर रहा था। प्रतिदिन की तरह वह बुधवार की सुबह सिंहपुर में काम करने के लिए गया। शाम पांच बजे दीवार में लगी पाइप को खींचते समय पाइप उखड़ गई और वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत चिंताजनक हो गई। आनन-फानन में अन्य मजदूर और ग्रामीण उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि काम खत्म करने के बाद वह पाइप को ठीक कर रहा था और उसी समय घटना हो गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुराह हाल हो गया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। समाचार दिए जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई चल रही थी।