घोसिया। वाराणसी से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी बस सोमवार की रात औराई चौराहे पर अनियंत्रित होकर एक मिठाई की दुकान में घुस गई। इससे दुकानदार का जहां भारी नुकसान हो गया, वहीं पास में खड़ा एक युवक बस के नीचे आ जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक के स्टेयरिंग से नियंत्रण खो देने से बस में सवार कई यात्री बेहोश हो गए। इससे पूर्व बाबूसराय से औराई के बीच चालक दो स्थानों पर एक्सीडेंट करते-करते बच गया था।
सोमवार की बीती देर रात 10.30 बजे वाराणसी से दिल्ली जा रही यात्री बस औराई चौराहे पर अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी पर खड़े ठेला तोड़ते हुए जुगुल और गुड्डू हलवाई की मिठाई और नाश्ते की दुकान में जा घुसी। बस में 25 यात्री सवार थे। औराई चौराहे पर ठेले के पास खड़ा सूरज (19) पुत्र राम मिलन चौहान बस की चपेट में आकर बस के नीच चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे क्षेत्र के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं बस में सवार कुछ यात्री डरकर बेहोश हो गए। चौराहे की पटरी पर खड़ा दो ठेला, सब्जी विक्रेता पिंटू और धर्मराज के एक-एक ठेले टूटकर चकनाचूर हो गए। बस की टक्कर से हलवाई परिवार का जहां भारी नुकसान हो गया, वहीं दुकानदार की दुकान सहित फ्रीज, कूलर, काउंटर, एक नई बाइक दब कर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर औराई कोतवाल सुनील दत्त दूबे फोर्स के साथ पहुंच गए। घायल सूरज को बस के नीचे से निकलवा कर पुलिस ने अस्पताल भेजा। बस को क्रेन से निकलवा कर थाने ले गए। बस ड्राइवर भी पकड़ा गया। चर्चा है कि बस का ड्राइवर नशे में था। इसके पूर्व बस चालक कटका पड़ाव पर एक स्कार्पियो और महराजगंज में एक बाइक सवार को टक्कर मारते मारते बचा था। गौरतलब है कि कुछ साल पूर्व उसी स्थान पर एक फल विक्रेता की गुमटी में ट्रक के धक्का मारने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी।