ज्ञानपुर। क्राइम ब्रांच और गोपीगंज पुलिस ने मोबाइल की लूट करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश किया है। चार बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ उनके पास से लूटे गए 19 मोबाइल, एक तमंचा, एक चारपहिया वाहन और एक दोपहिया वाहन बरामद किया। पूछताछ के बाद सबको जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को एसपी राजेश एस ने पत्रकारों से रूबरू होकर प्रकरण का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल छिनैती की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर एएसपी डॉ. संजय कुमार और सीओ यादवेंद्र यादव के नेतृत्व में पर्यवेक्षणीय टीम का गठन किया था। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी अजय मिश्र और गोपीगंज एसओ शेषधर पांडेय ने शनिवार शाम को सीखापुर नहर पुलिया से मोबाइल लूट गिरोह के चार सदस्यों मोनू पांडेय पुत्र करुणेश पांडेय, दुर्गेश पांडेय पुत्र रविशंकर पांडेय, रतन पांडेय पुत्र महेंद्र प्रसाद पांडेय निवासी सागररायपुर और रत्नेश गौतम पुत्र दयानंद गौतम निवासी सीखापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिना नंबर की मोटरसाइकिल से दो या तीन लोग दोपहर बाद चिह्नित स्थानों पर टहलते थे। जो भी व्यक्ति मोबाइल से बात करते हुए दिख जाता था, उनके पास से गाड़ी को क्रॉस करते हुए पीछे बैठा व्यक्ति मोबाइल छीन लेता और उसके बाद अपनी बाइक की रफ्तार तेज कर देता। चारों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में वंश गोपाल, परमेश्वर सिंह, मेराज अली, अनिरुद्ध, सचिन झा, इमरान खान, सर्वेश राय, राधेश्याम कुशवाहा, इंद्रू प्रकाश, अजय याव, सुभाष सिंह आदि रहे।