कोतवाली क्षेत्र के रजपूरा बीडा कालोनी में बीते शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने सवा लाख रुपये के आभूषण और कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय फ्लैट में ताला लगा था और उसमें रहने वाले अपने गांव गए थे। शनिवार को वापस लौटने पर कमरा खुला तथा आलमारी और अटैची का ताला टूटा देखकर मालिक के होश उड़ गए। डॉयल 100 पुलिस और रजपूरा चौकी पुलिस ने सूचना होने पर मौका मुआयना किया लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। कोतवाली पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन कर रही है।
अंबेडकरनगर के मालीपुर के मूल निवासी राम अवतार शर्मा कालोनी में एक फ्लैट किराए पर लेकर रहते हैं और व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वे फ्लैट में ताला मारकर अंबेडकरनगर चले गए। अगले दिन शनिवार को उनका बेटा गांव से लौटा तो फ्लैट का मुख्य गेट पूर्व की तरह बंद था। अंदर गया तो देखा कि मुख्य कमरे का दरवाजा खुला था। इस पर उसका माथा ठनका और जब अंदर गया तो देखा कि सामान बिखरे पड़े हैं। आलमारी खुली है और अटैची अपने स्थान पर न होकर दूसरी जगह है। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर डायल 100 की पुलिस पहुंची और छानबीन की। घर की छत पर रस्सी मिलने से आभास हुआ कि चोर रस्सी के सहारे छत पर पहुंचे और फिर फ्लैट में घुसे। उन्होंने बताया कि चोर एक लाख रुपयों के आभूषण और चांदी के सिक्कों के अलावा कुछ कीमती कपड़े ले गए हैं। कोतवाली पुलिस ने छानबीन के बाद मंगलवार को मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की है। उधर, चोरी की घटना से कालोनीवासियों में रोष है। उनका कहना है कि भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) ने कालोनी विकसित की लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं किया है। लोगों ने कहा कि जब भी फ्लैट में ताला लगाकर कोई हटता है। चोर इस तरह निशाना बनाते हैं, जैसे उन्हें पता हो कि फ्लैट में कोई नहीं है।