ज्ञानपुर। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से कोविड की दस्तक को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। जिले में लगे ऑक्सीजन प्लांटों की स्थिति को परखने के लिए डिप्टी सीएमओ को नामित किया गया है।
टीम प्लांटों की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट सीएमओ को देगी। कोविड काल के दौरान प्रमुख अस्पतालों व सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए थे। कोविड के दौरान इन ऑक्सीजन प्लांटों का खुब उपयोग हुआ।
उसके बाद वे शो-पीस बन गए। समय-समय पर ऑक्सीजन प्लांटों को चलाकर चेक किया जाता है। वहीं, बड़े अस्पतालों में मरीजों के लिए ऑक्सीजन की सप्लाई भी होती है।
विभाग का दावा है कि हर दिन सभी अस्पतालों में दो घंटे ऑक्सीजन प्लांट चलाकर चेक किया जाता है। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से कोविड के केस बढ़ने लगे हैं।
जिसे देखते हुए विभागीय स्तर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिले में जिला अस्पताल, भदोही एमबीएस, भदोही सीएचसी, सुरियावां स्वास्थ्य केंद्र में लगे ऑक्सीजन प्लांट की जांच के लिए डिप्टी सीएमओ को नामित किया गया है।
अब ये हर अस्पताल पहुंचकर इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे।