ज्ञानपुर। जिले में कोरोना का कहर तेज होता जा रहा है। कुछ दिनों से लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला भी जारी है। वहीं दूसरी ओर जिले के ज्यादातर बाजारों व मोहल्लों में लोग कोरोना गाइडलाइन के पालन को लेकर लापरवाही बरत रहे है। स्थिति यह है कि बाजारों और दुुकानों पर लोग एकदम आसपास खड़े होकर खरीदारी कर रहे हैं। अधिकांश लोग मास्क तक नहीं लगा रहे हैं। सोशल डिस्टेंस का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
एक ओर जहां जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले की संख्या दो सौ के पार पहुंच पहुंच रही है, वहीं लोग कोरोना संक्रमण से बचने के लिए गाइड लाइन के पालन के प्रति सचेत नहीं हो रहे हैं। जिले के सबसे बड़े बाजारों में शुमार गोपीगंज नगर में शाम के समय दुकानों पर बहुत ज्यादा भीड़ हो रही है। इसके साथ ही नगर के आटो व बस स्टैंड पर लोगों की आवाजाही ज्यादा होने से कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। बाजारों में तमाम लोग बगैर मास्क ही आवागमन कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंस का भी पालन नहीं किया जा रहा है। इसके चलते संक्रमण भी तेजी से बढ़ रहा है। उधर, गोपीगंज नगर के केसरवानी बाजार में स्थित कपड़े व अन्य दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। भीड़ में मौजूद ज्यादातर पुरुष व महिलाएं बिना मास्क के बीच खरीदारी करते देखी जा सकती हैं। सोशल डिस्टेंस का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। वहीं केसरवानी बाजार में दुकानदार भी सोशल डिस्टेंस के लिए ग्राहकों को नहीं टोक रहे हैं।
बैंकों में भी उड़ रही सोशल डिस्टेंस की धज्जियां
जिले के प्रमुख बाजारों व नगरों में स्थित बैंकों में भी कोरोना गाइडलाइन व सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया जा रहा है। इसा क्रम में बृहस्पतिवार को चौरी बाजार में स्थित एक बैंक में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। भीड़ में मौजूद अधिकांश लोग न तो मास्क लगाए थे और न ही सोशल डिस्टेंस का पालन कर रहे थे। ज्ञानपुर व गोपीगंज में स्थित बैैंकों में भी कमोवेश यही स्थिति देखने को मिली।