जंगीगंज। गोपीगंज कोतवाली के राजमार्ग अंडरपास ब्रिज जंगीगंज पर रविवार की रात कार और कंटेनर में टक्कर हो जाने से दुल्हन रुबी निषाद (20), दूल्हा अनिल कुमार (22), दूल्हे के पिता छैला निषाद (65) और भतीजा प्रभाकर निषाद (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पिता और भतीजे की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया।
पालपुर-प्रयागराज से रात में बारात रामपुर आई थी। देर रात कार से विदाई कराकर चारों पालपुर जा रहे थे। अंडरपास ब्रिज पर पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर चालक ने टक्कर मार दिया। टक्कर जोरदार होने के कारण सवारों को चोट आई ही कार भी काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गई। रात का समय होने से बीचबचाव करने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजकर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मौके पर जुटे आसपास के लोगों में नाराजगी रही कि ज्ञानपुर ब्लॉक के दर्जनों गांवों की मतगणना गोपीगंज स्थित इंटर कॉलेज में होने के कारण दक्षिणी लेन को बंद कर देने से इस तरह की समस्या आ रही है। भारी वाहन चालकों को एक लेन पर कई-कई किलोमीटर तक की यात्रा जोखिम भरा है।