Bhadohi News: मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति व ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज हत्या व प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया। उसके बाद आरोपी पति आरक्षी रत्नेश कुमार, सास पान देवी, अंशु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
ज्ञानपुर में पत्नी को करंट लगा मारकर फंदे से लटकाने वाले पुलिस आरक्षी को मंगलवार को एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने सेवा से बर्खास्त कर दिया। एक सप्ताह के अंदर पुलिस महकमे की तरफ से यह कार्रवाई की गई। इसके पूर्व केस दर्ज होने पर आरक्षी समेत परिवार के तीन सदस्यों को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
विज्ञापन
सात मई को ज्ञानपुर के नारायण कॉलोनी में विवाहिता प्रियंका चौधरी पत्नी आरक्षी रत्नेश कुमार पुत्री छेदीलाल निवासी शहर कोतवाली गाज़ीपुर का फंदे से लटकता शव बरामद हुआ था। मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों की तरफ से मृत्यु का कारण बिजली से करंट लगाकर हत्या करने व फंदे पर लटका दिया जाना अंकित किया गया।
प्रकरण की प्रारंभिक जांच से आरक्षी के सेवारत अवधि में इसके विरुद्ध आपराधिक अभियोग पंजीकृत होने व अभियोग में गिरफ्तार होकर जेल जाने से पुलिस बल की छवि धूमिल हुई है। आरक्षी के स्वयं अपराध में संलिप्तता के दृष्टिगत नियमावली-1991 में प्रदत्त अधिकारों के तहत एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन रत्नेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया।