ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते ग्राफ को कम करने के लिए शासन से जारी साप्ताहिक कोरोना कफ्यू् में मेडिकल संग अब खाद, बीज, कोटे की दुकान और गेहूं खरीद केंद्र को छूट मिलेगी। इस दौरान किसान खाद-बीज की दुकानों से जरूरी सामान खरीद सकेंगे, हालांकि इस दौरान कोविड के गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना की दूसरी लहर ने सभी को हिलाकर रख दिया है। जिले में अब तक छह हजार से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं जबकि 80 से अधिक की जान जा चुकी है। सूबे में बढ़ते संक्रमण के कारण सरकार ने पहले शनिवार और रविवार को बंदी का आदेश दिया, लेकिन अब इसे बुधवार तक के लिए बढ़ा दिया गया। किसानों और गरीबों को परेशानी न हो इसलिए शासन ने खाद, बीज, कोटे की दुकान और गेहं क्रय केंद्रों को छूट दे दिया है। इससे किसानों को राहत मिलेगी।
भिदिउरा गांव के किसान आशीष पाठक ने कहा कि खाद, बीज की दुकानें खुलने से किसान खुश हैं, लेकिन इन दिनों को किसानों को पंप सेट, मोटर आदि रिपेयर भी करानी होती है। इलैक्ट्रिक दुकान खुलेगी, तभी यह संभव है। प्रशासन को इस दिशा में भी सोचना चाहिए। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू बढ़ने से परेशानी बढ़ गई थी। जिसको देखते हुए शासन की ओर से खाद, बीज, कोटे की दुकान और गेहूं खरीद केंद्रों को छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर सामाजिक दूूरी का पालन, मॉस्क लगाने और सैनिटाइजेशन का निर्देश दिया गया है।