घोसिया (भदोही)। नगर पंचायत के वार्ड 10 चौधरी नगर में रिक्त सभासद सीट का उप चुनाव मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गया। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 1285 मतदाताओं में 806 ने वोट डाला। तीन प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में कैद हो गई। अब छह मई को मतगणना में विजेता तय होंगे।
घोसिया नगर के वार्ड 10 की सभासद साजिदा बेगम का 30 जून को निधन हो गया था। जिसके कारण यह सीट रिक्त हो गई। आयोग के निर्देश पर होने वाले उप चुनाव के लिए श्याम प्यारी, फरीदा बेगम और सजीदा ने पर्चा दाखिल किया था। मंगलवार को दो बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ।
सुबह और शाम मतदाताओं की संख्या बूथों पर अधिक रही जबकि दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। छह मई को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह दलबल के साथ बूथों पर तैनात रहे। एआरओ राजकुमार शुक्ला ने कहा कि मतपेटियों को औराई तहसील में रखा गया है। छह मई को मतगणना होगी।