कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) चुनाव के दो प्रत्याशियों ने आॅनलाइन चुनाव में धांधली की शिकायत की है। प्रथम उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी शैलैंद्र गर्ग और प्रशासनिक समिति के प्रत्याशी इश्तियाक अहमद खां ने आरोप लगाया है कि कई ऐसे निर्यातक मतदाताओं ने वोट देने का प्रयास किया तो उनका वोट पहले ही पड़ चुका है। उन्होंने इस की लिखित शिकायत चुनाव एजेंसी, नेशनल सेक्योरिटीज डिपाजिटरी लि. (एनएसडीएल) के साथ सीईपीसी निर्वाचन अधिकारी और वस्त्र मंत्री संतोष गंगवार से भी की है।
दोनों प्रत्याशियों ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। प्रथम उपाध्यक्ष प्रत्याशी ने कहा कि शिकायत है कि प्रत्याशी मतदाताओं के यूजर आईडी और पासवर्ड खुद लेकर अपने ही कंप्यूटर से मतदान कर दे रहे हैं। इससे पारदर्शी चुनाव की उम्मीदों को गहरा धक्का लगा है। उन्होंने लिखित शिकायत में कहा है कि ऐसे में ई-वोटिंग का निर्णय बेमानी साबित हुआ है।
इश्तियाक खां ने पत्रक में दो ऐसे निर्यातकों को नाम का भी खुलासा किया है। मांग की है कि यदि एक ही आई एड्रेस से मतदान हुए हैं तो मत रद किए जाएं।
निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि हम यदि कोई अपना यूजर आईडी और पासवर्ड किसी से शेयर हमारे पास उसके रोकथाम की कोई व्यवस्था नहीं है। रही बात कि एक आईपी एड्रेस से कई कई मत डाले जा रहे हैं तो यह जांच का विषय है जो एनएसडीएल करेगा।