मोढ़। सुरियावां थानाक्षेत्र के कस्तूरीपुर बाजार के समीप भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर शनिवार की देर रात बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार इनायत अंसारी की मौत हो गई वह नई बस्ती का रहने वाला था। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
भदोही के नईबस्ती जलालपुर निवासी इनायत अंसारी (19) अपने साथी जैब अंसारी के साथ बाइक से शनिवार की रात सुरियावां गया था। वहां से लौटते समय जैसे ही कस्तूरीपुर बाजार के समीप पहुंचा सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस के हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक रामधनी यादव मौके पर पहुंच कर एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी सुरियावां लेकर गए। जहां हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय रास्ते में इनायत की मौत हो गई जबकि जैब अंसारी को भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उधर इनायत अंसारी की मौत के बाद परिजन शव ले कर घर जलालपुर चले गए। उधर, दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक गाड़ी छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक ट्रक को ओवरेटेक करने के चक्कर में बोलेरो दाहिनी तरफ चली गई, जिससे बाइक से टक्कर हो गई।