थाना क्षेत्र के पलिया अदायी गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में दीदारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ियापुर निवासी वीरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सोमवार की देर रात युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पत्नी की प्राथमिकी पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
मृतक की पत्नी नीतू यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पति वीरेंद्र रविवार की रात करीब 11 बजे बाइक से पलिया बाजार से घर लौट रहे थे। पलिया अदायी गांव के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिवार के लोग पहले फूलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आजमगढ़ एक प्राइवेट हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां सोमवार की रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया कि वीरेंद्र यादव लोक निर्माण विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत थे। नीतू यादव ने फूलपुर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिकी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।