नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाले दरोपुर-शहाबाबाद मार्ग की दयनीय स्थिति के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले के कार्यकर्ता 28 मार्च को तहसील में धरना देंगे। इसके लिए शुक्रवार को माले कार्यकर्ताओं ने दरोपुर में हस्ताक्षर अभियान चलाया और मोहल्ले वासियों से आंदोलन में सहयोग मांगा। संगठन के जिला सचिव रामजीत यादव ने कहा की उक्त मार्ग गड्ढ़ों से पटा है और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है लेकिन सभी राजनीतिक दल चुनावी ताल ठोंक रहे हैं।
नगर से होकर नईबाजार और बाईपास पहुंच मार्ग की बदहाली से नागरिक परेशान हैं। महत्वपूर्ण मार्ग होते हुए भी इस पर पैदल और बाइक से चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन न केवल स्कूली बच्चे इसमें गिरते रहते हैं बल्कि जनप्रतिनिधियों ने इससे मुंह मोड़ लिया है। जो लोग इस मार्ग पर बसे हैं उनके लिए भारी संकट पैदा हो गया है। मोहल्ले के लोगों ने बताया की पौने दो करोड़ की लागत से अंडर ग्राउंड नाला निर्माण का टेंडर हो चुका है लेकिन कुछ लोगों के विरोध के चलते निर्माण कार्य का रास्ता साफ नहीं हो सका है। हैरत इस बात की है की अब तक प्रशासन ने जनहित को देखते हुए भी हस्तक्षेप नहीं किया। मार्ग पर मंदिर, विद्यालय आने जाने वालों की समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं है। जिला सचिव रामजीत यादव ने बताया कि प्रथम चरण में 28 मार्च को धरना दिया जाएगा। यदि इससे निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो इसी मार्ग पर शासन प्रशासन के विरूद्ध आमरण अनशन किया जाएगा। हस्ताक्षर अभियान के दौरान सपा सरकार को आडे हाथों लेकर खरी खोटी सुनाई गई। अभियान में जगननाथ, राजेश यादव, सुजीत कुमार यादव, वद्दन कुमार, जयशंकर, शिवशरन यादव, प्रेमचंद्र यादव, नन्हें यादव, रोहित यादव, अनूप यादव, पंकज, नरेंद्र यादव, सुशीला देवी, मीरा देवी, अर्जुन गौतम, रमेश मौर्य, भरत लाल यादव, सेख आरिफ, सुभाष यादव आदि रहे।