गोपीगंज कोतवाली के सुजातपुर गांव में रविवार की रात चोर विजय शंकर शुक्ला के बंद घर का ताला तोड़कर लगभग एक लाख रुपये नकद, दो लाख रुपये मूल्य के कीमती आभूषण चुरा ले गए। चचेरे भाई रमेशचंद शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
तहरीर में रमेशचंद शुक्ला ने बताया है कि विजय शंकर शुक्ला परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं और मकान में ताला बंद रहता है। सोमवार की रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस कर कमरों में रखे आलमारी, बक्से को खंगालते हुए एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये मूल्य के कीमती आभूषण निकाल ले गए। सोमवार को सुबह टूटे ताले को देखकर शोर मचाया गया। शोर सुनकर जुटे लोगों के साथ कमरे में पहुंचने पर बक्शे व आलमारी टूटी हुई थी और कुछ सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे। मकान मालिक विजय शंकर शुक्ला को फोन कर तहरीर कोतवाली में दी गई। प्रभारी निरीक्षक एके वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कराई गई है। चोरी के मामले की जांच की जा रही है।