ज्ञानपुर। कोईरौना पुलिस ने बारीपुर के पूर्व प्रधान रूद्रपति दुबे और उनके दो भाईयों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक छोटक यादव ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ईट पाथने वाली मशीन क्रय करने के बाद मशीन मालिक को बंधक बनाकर धमकाने और 42 लाख रुपये वसूलने के मामले में डीएम के अनुमोदन पर यह कार्रवाई की गई है।
21 अगस्त 2022 को कोईरौना पुलिस ने चौरी भदोही निवासी धीरेंद्र दुबे की तहरीर पर बारीपुर निवासी पूर्व प्रधान रूद्रपति दुबे व उनके भाई मायापति व करुणापति पर बंधक बनाकर डराने धमकाने और जबरदस्ती बैंक चेक व स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराने और अलग-अलग मामलों में कूट रचना करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। फुलवरिया स्थित त्रिपति ईंट उद्योग के मालिक रुद्रपति ने धीरेन्दु दुबे की कंपनी से 46 लाख रुपये की ईट पथाई की मशीन खरीदी। रूद्रपति ने धीरेन्द्र को मशीन के बारे में जानकारी देने और पैसा देने के लिए भट्ठे पर बुलाया था। आरोप है कि धीरेंद्र के साथ उसके साथी हरदीप व संदीप जब भठ्ठे पर पहुंचे तो रूद्रपति लेबरों आदि ने बंधक बना लिया। असलहा दिखाकर धमकाते हुए 42 लाख का चेक ले लिया। सादे स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराया। वहीं तिथि परिवर्तित कर चेक बैंक में प्रस्तुत कर दिया। यह भी आरोप लगाया कि उन लोगों ने मशीन भी ले लिया और धमकाकर चेक व स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कराते हुए सुलहनामा भी कूटरचित तरीके से तैयार कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने बारीपुर निवासी रूद्रपति दुबे के साथ गैंग लीडर मायापति दुबे और करूणा पति के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। प्रभारी निरीक्षक छोटक यादव ने बताया कि डीएम के अनुमोदन के बाद कोईरौना थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी के निर्देश पर आगे कार्रवाई की जाएगी।