यूपी के भदोही जिले में चौरी बाजार स्टेशन पर जलजमाव को लेकर आसपास के लोगों ने नाराजगी जताई। जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं ने पानी में धान रोपकर इस विरोध किया। तहसीलदार को ज्ञापन भी साैंपा गया है।
Bhadohi News: चौरी बाजार स्टेशन रोड पर वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या को लेकर बुधवार को लोग सड़क पर उतर आए। नाराज व्यापारी और नेताओं ने सड़क पर हुए जलजमाव में धान की रोपाई कर विरोध जताया। मांग किया कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की जाती है तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
व्यापारियों ने भदोही तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि चौरी स्टेशन रोड पर पांच सौ मीटर सड़क वर्षों से गढ्ढों से पटी है। जिस पर चलना दूभर है। बारिश के दिनों में तो यहां हर समय जलभराव हो जाता है। जिससे अक्सर लोग गिरकर घायल होते रहते हैं।
रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग होने के बाद भी जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील है। कहा कि जलजमाव होने से व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित होता है। इसके अलावा इसी रोड पर चार स्कूल के सैकड़ों बच्चे भी गुजरते हैं। सड़क पर जलजमाव इनके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
विज्ञापन
जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारियों ने मुख्य तिराहा से परसीपुर रेलवे फाटक तक पैदल मार्च किया है। वहीं सड़क पर लगे पानी में धान की रोपाई भी की। मौके पर जेडीयू यूपी महासचिव डीएम सिंह गहरवार, जय प्रकाश सोनकर, श्रीजल दुबे, मदन शर्मा, गौरव, आशीष पटेल, महेंद्र यादव, सचिन, सुमित, विनोद विश्वकर्मा, संतोष पटेल आदि मौजूद रहे।