औराई/घोसिया। औराई क्षेत्र के जिला पंचायत वार्ड नंबर 21 से भाजपा प्रत्याशी अर्चना पटेल समेत 12 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह वाहनों को सीज कर दिया। इस संबंध में एसडीएम औराई एके मिश्रा ने बताया कि प्रत्याशी अर्चना पटेल बिना अनुमति के गांव में बाइक जुलूस निकाल कर जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
ममहर में सुस्मिता साहू, गोहिलांव-धनवतियां में प्रत्याशी कृष्णा गुप्ता परमीशन न लेकर कई वाहनों से प्रचार-प्रसार करते समय पांच बाइक और एक चार पहिया वाहन को सीज कराकर चौरी थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है। इसके अलावा बताया कि चुनाव आयुक्त का सख्त निर्देश है कि तय मानक की संख्या में प्रचार, बिना परमीशन के वाहन न शामिल करने, जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुमति पर जनसभा करने, धारा 144 कोविड-19 के गाइड लाइन का उल्लंघन, बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने पर मनाही है। चुनाव के एक दिन पूर्व तक इस तरह का उल्लंघन करने वाले प्रशासन की कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे। उक्त कार्रवाई से प्रत्याशियों और समर्थकों में हड़कंप मचा है।