भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद निर्यातक मतदाताओं को रिझा रहे हैं।
कालीन उद्योग के सबसे बड़े संगठन सीईपीसी के चुनाव के लिए एक मई से मतदान शुरू होगा। चुनाव में दो गुट आमने सामने हैं। दोनों ही गुट कालीन उद्योग को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने के वादे कर रहे हैं। दोनों गुट लोगों के बीच जाकर अपनी प्राथमिकता बता रहे हैं और लोगों को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। इस बार अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हो रहा है। अध्यक्ष पद के लिए कोई क्षेत्रवार आरक्षण भी नहीं रह गया है। निर्वाचित होने वाले 18 प्रशासनिक सदस्य ही अपने में से किसी को उपाध्यक्ष चुनेंगे, जो चेयरमैन मनोनीत होगा। इस बार यह उम्मीद जताई जा रही है कि उप्र के सर्वाधिक 1282 और भदोही से अकेले 1003 वोट होने के कारण चेयरमैन भदोही से हो सकता है। रिटर्निंग अफसर परिषद के प्रभारी अधिशासी निदेशक जगमोहन ने बताया कि एक मई से इलेक्ट्रानिक मतदान शुरू होकर 8 मई तक चलेगा। कुछ ऐसे मतदाता जिन्होंने स्वयं कार्यालय आकर मतदान करने का विकल्प चुना है, वे 9 मई को दोपहर 2 बजे तक मतदान कर सकेंगे। इसके बाद मतगणना और परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।